वरुण धवन भी जल्द करने वाले हैं शादी!

मुंबई : समाचार ऑनलाइन – बॉलीवुड में इन दिनों शादी का सीजन चल रहा है। दीपिका पादुकोण और रणवीर सिंह की शादी बस होने वाली है, जबकि प्रियंका चोपड़ा और निक जोनास भी जल्द एक-दूजे के हो जाएंगे। इस बीच खबर आ रही है कि अभिनेता वरुण धवन भी दूल्हा बनने की तैयारी में हैं।

इसका खुलासा किसी और ने नहीं बल्कि खुद वरुण ने किया है। वरुण धवन हाल ही में ‘कॉफी विद करण’ शो में पहुंचे थे, उनके साथ कटरीना कैफ भी आई थीं। शो के दौरान जब करण ने वरुण से उनकी गर्लफ्रेंड के बारे में सवाल पूछे तो वरुण ने स्वीकारा कि वह और नताशा दलाल को डेट कर रहे हैं। दोनों के बीच अच्छी बॉन्डिंग है और वे एक-दूसरे को लेकर काफी सीरियस भी हैं।

वैसे तो वरुण और नताशा को काफी बार साथ देखा गया है, लेकिन इससे पहले अपने रिलेशन को लेकर इतना खुलकर वरुण कभी नहीं बोले। शो में बातचीत के दौरान वरुण धवन ने कहा कि वह जल्द ही दूल्हा बनेंगे। गौरतलब है कि कुछ समय पहले उन्होंने बताया था कि वह नताशा के कहने पर फ़िल्में चुनते हैं। बदलापुर और अक्टूबर उन्‍होंने नताशा के कहने पर ही साइन की थी।