यमन में हिंसक झड़प, 149 लोगों की मौत  

होदेदा | समाचार ऑनलाइन – यमन में सरकार सर्मथक लड़ाकों और विद्रोहियों के बीच हुए हिंसक में 149 लोगों की मौत हो गई। ये घटना यमन के होदेदा शहर में घटी। वहां पिछले 24 घंटों से हालात बहुत नाजुक बनी हुई है। चिकित्सा व सैन्य सूत्रों के अनुसार, इन संघर्षों में कम से कम 149 लोगों की जान गई है, जिनमें आम नागरिक भी शामिल हैं। यह यमन में पिछले 4 साल से जारी संघर्ष के बीच सर्वाधिक भीषण हिंसक मानी जा रही है।
इस मामले में होदेदा में अस्पतालों के डॉक्टरों ने बताया कि,  हूती विद्रोहियों और सरकार समर्थक लड़ाकों के बीच रातभर संघर्ष होता रहा। इस दौरान जहां 110 हूती विद्रोही मारे गए। वहीं 32 सरकार समर्थक लड़ाकों की भी जान गई। विद्रोहियों और लड़ाकों के बीच संघर्ष की चपेट में आम नागरिक भी आए और सात आम लोगों की जान चली गई।
यमन में पिछले करीब 4 साल से जारी संघर्ष के बीच होदेदा की इस घटना के बाद यहां शांति वार्ता के लिए अंतरराष्‍ट्रीय दबाव बढ़ता जा रहा है। अमेरिका के विदेश मंत्री माइक पॉम्पियो ने रविवार को सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्‍मद बिन सलमान से यहां शांति वार्ता के लिए कहा। ब्रिटिश विदेश मंत्री जेरेमी हंट भी सोमवार को सऊदी अरब दौरे के दौरान इस मुद्दे को उठाने वाले हैं, जहां वह इस संघर्ष को समाप्‍त करने के लिए कदम उठाए जाने पर बात करेंगे।