अबकी बार 10 हज़ार पार….विक्रमवीर कप्तान का विक्रमवीर रिकॉर्ड    

विशाखापट्टनम | समाचार ऑनलाइन – टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली ने क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर के एक बड़े वनडे रिकॉर्ड को तोड़ दिया। वो दुनिया में सबसे तेज गति से 10 हजार एकदिवसीय रन बनाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। भारतीय कप्तान विराट कोहली ने वनडे करियर में 10 हजार रन पूरे किए। उन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ विशाखापट्टनम में खेले जा रहे दूसरे वनडे में 81 रन बनाते ही यह उपलब्धि हासिल की। कोहली 10 हजार रन बनाने वाले पांचवें भारतीय और दुनिया के 13वें खिलाड़ी हैं। उन्होंने सबसे कम 205 पारियों में यह रिकॉर्ड अपने नाम किया।  इससे पहले सबसे कम पारियों में 10000 रन बनाने का रिकॉर्ड सचिन तेंडुलकर के नाम था। सचिन ने यह आंकड़ा छूने के लिए 259 पारियां लगी थी।

यह उपलब्धि हासिल करने वाले पांचवें भारतीय – 

यह उपलब्धि हासिल करने वाले विश्व के 13वें और पांचवें भारतीय बल्लेबाज हैं। विराट से पहले महेंद्र सिंह धोनी ने इसी साल इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के दौरान 10 हजार रन पूरे किए थे। विराट से पहले सचिन तेंदुलकर, सौरव गांगुली, राहुल द्रविड़ और एमएस धोनी ही इस मुकाम पर पहुंच सके हैं। विराट से पहले धोनी ने इसी साल ये उपलब्धि हासिल की थी।

आखिर इमरान खान को क्यों है भारत में होने वाले लोकसभा चुनाव का इंतजार

वेस्टइंडीज के खिलाफ सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय बने –

विराट कोहली वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी भी बने। उन्होंने सचिन का रिकॉर्ड तोड़ा। विराट ने इस मैच में जैसे ही 47 रन पूरे किए उन्होंने तेंडुलकर के विंडीज के खिलाफ 1573 रन को पीछे छोड़ दिया। उन्होंने इसके लिए 29 मैच लिए। सचिन ने 39 वनडे में इतने रन बनाए थे।

– विराट डेब्यू के बाद सबसे कम समय में 10000 वनडे रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए। डेब्यू के बाद सबसे कम समय में 10,000 रन बनाने का रिकॉर्ड राहुल द्रविड़ के नाम था। द्रविड़ ने डेब्यू के बाद 10 साल 317 दिन में 10 हजार रन पूरे किए थे। विराट ने 18 अगस्त 2008 को वनडे डेब्यू किया था। इस हिसाब से उन्होंने 10 साल 67 दिन में यह रिकॉर्ड बनाया।

विराट ने 8000 और 9000 वनडे रन भी सबसे कम पारियों में अपने नाम किए हैं। उन्होंने 175वीं पारी में अपने 8000 और 194वीं पारी में 9000 रन पूरे किए थे। उन्होंने आठ से नौ हजार रन तक पहुंचने में सिर्फ 19 पारियां और 136 दिन लिए।

अब तक 13 बल्लेबाज वनडे में 10,000 रन बना चुके हैं। इनमें से भारत के पांच, श्रीलंका के चार, जबकि ऑस्ट्रेलिया, दक्षिण अफ्रीका, पाकिस्तान, वेस्टइंडीज के एक-एक बल्लेबाज हैं। भारत की ओर से विराट, सचिन, सौरव गांगुली, महेंद्र सिंह धोनी और द्रविड़ ने यह उपलपब्धि अपने नाम की है।