पुलिसकर्मी का हत्यारा करना चाहता था खुदकुशी, समय रहते दबोचा गया

सांगली | समाचार ऑनलाइन

सांगली स्थित होटल में हुए मामूली विवाद के चलते पुलिस कांस्टेबल समाधान मांटे की हत्या करने के मामले में आरोपी जाकिर जमादार को पुलिस ने बुधवार देर रात कोल्हापुर से गिरफ्तार कर लिया।

राजवाड़ा पुलिस स्टेशन के निरीक्षक मानसिंह खोचे और उनकी टीम ने यह कार्रवाई की। जानकारी के अनुसार, आरोपी जाकिर हत्याकांड को अंजाम देने के बाद आत्महत्या करने वाला था, लेकिन पुलिस ने उसे दबोच लिया। गौरतलब है कि दो संदिग्ध आरोपियों को बुधवार को सांगली एलसीबी ने गिरफ्तार किया था।

क्या है मामला?

सांगली के कुपवाड रोड स्थित होटल रत्ना डिलक्स में शराब का बिल भरने को लेकर हुए विवाद में समाधान मांटे की मंगलवार रात 11.30 बजे के करीब हत्या कर दी गई थी। पुलिस अधीक्षक सुहेल शर्मा ने तुरंत संदिग्ध आरोपियों को गिरफ्तार करने के आदेश दिए थे। उसके बाद एलसीबी ने राजू नदाफ, अंसार पठाण को गिरफ्तार किया था। मुख्य आरोपी जाकिर को पुलिस ढूंढ रही थी और बुधवार देर रात राजवाड़ा पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। राजवाड़ा पुलिस आरोपी को सांगली पुलिस को सौंपेगी।

हो रहा था पछतावा

जानकारी के मुताबिक, सिपाही समाधान मांटे की हत्या करने के बाद जाकिर को पछतावा हो रहा था, उसकी मानसिक स्थिति भी ठीक नहीं थी। वो इतना परेशान हो गया था कि आत्महत्या करने वाला था, लेकिन कोल्हापुर पुलिस ने वक़्त रहते उसे हिरासत में ले लिया।