हम नागरिकों की समस्याएं सुलझाने के लिए कटिबद्ध : महेश लांडगे

पिंपरी : समाचार ऑनलाइन – बीस साल पहले बनाए गए डीपीआर को हम अब क्रियान्वित कर रहे हैं। यदि इन कार्यों को समय पर पूर्ण किया जाता तो आज यह नौबत नहीं आती। इसके लिए प्रशासकीय अधिकारियों की लापरवाही जिम्मेदार है। मगर भविष्य में ऐसा नहीं होगा। सभी कार्य समय पर पूरे किए जाएंगे। हम नागरिकों की सभी परेशानियों को दूर करने के लिए कटिबद्ध हैं। यह आश्वासन विधायक महेश लांडगे ने दिया।

वे मोशी हाउसिंग फेडरेशन द्वारा चिखली व मोशी परिसर स्थित सोसायटियों के नागरिकों की समस्याओं को लेकर आयोजित संवादफ कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। संवादफ में बिजली सप्लाई व सोसायटियों की अन्य समस्याओं पर चर्चा हुई।

विधायक लांडगे ने कहा, फिलहाल हम भविष्य की योजनाएं बना रहे हैं। जाधववाड़ी, चिखली, मोशी व तलवड़े आदि भागों के नागरिकों के लिए 300 एमएलडी पानी लिया जाएगा। इससे परिसर में कई सालों से जारी पानी संकट दूर हो जाएगा। भामा-आसखेड़ प्रोजेक्ट प्रभावित लोगों को अब तक मुआवजा नहीं मिला। इस वजह से वे डैम से पानी लेने का विरोध कर रहे हैं। इसके चलते डैम से पानी लेना संभव नहीं हो पा रहा है। यदि किसानों को समय पर मुआवजा दिया जाता तो आज यह स्थिति नहीं आती। मगर हमने इस समस्या को हल करते हुए जिस तरह पवना डैम का पानी रावेत बांध से लिया जाता है, उसी तरह भामा-आसखेड़ डैम का पानी देहू रोड स्थित बांध से लिया जाएगा। यह कार्य युद्धस्तर पर जारी है। यह प्रोजेक्ट एक से डेढ़ साल में पूरा हो जाएगा।

निर्भय होकर पुलिस को अपनी समस्याएं बताएं : डॉ. मुगलीकर

चिखली पुलिस स्टेशन के सीनियर इंस्पेक्टर डॉ. विवेक मुगलीकर ने कहा, कुछ जगहों पर शराब के नशे में चूर लोग सड़कों पर देखे जा रहे हैं। इस पर नियंत्रण के लिए रिवर रेसीडेन्सी, मायमर सोसायटी जैसी अंदरूनी सोसायटियों के परिसर में गश्त लगाई जाएगी। पुलिस सभी सोसायटियों तक पहुंचकर नागरिकों की समस्याओं की जानकारी ले रही है, मगर नागरिक खुद आगे बढ़कर समस्याओं के विषय में जानकारी नहीं देते। इस वजह से हमने सोसायटियों में शिकायत पेटियां (कम्प्लैंट बॉक्स) लगाए थे, मगर इस योजना को भी कोई रिस्पॉन्स नहीं मिला। यदि नागरिक खुद अपनी समस्याएं नहीं बताएंगे तो उन्हें ही परेशानी का सामना करना पड़ेगा। उनसे बचने के लिए नागरिक निर्भय होकर अपनी समस्याएं हमें बताएं।