तिजोरी की चाबियां किसके पास? उत्सुकता सतह पर

स्थायी समिति सभापति चुनाव 7 मार्च को घोषित
पिंपरी : समाचार ऑनलाईन – नए सदस्यों की नियुक्तियों के बाद इसकी उत्सुकता सतह पर पहुंच गई है कि तिजोरी की चाबियां अपने पास रखने वाली स्थायी समिति का नया सभापति कौन होगा? खैर यह उत्सुकता अब जल्द समाप्त हो जाएगी। 7 मार्च को सभापति पद का चुनाव घोषित हुआ है। बीती शाम पुणे के विभागीय आयुक्तालय ने इस चुनाव के कार्यक्रम की घोषणा की है। इस चुनाव के लिए निर्वाचन अधिकारी के तौर पर कृषि विभाग के आयुक्त सुहास दिवसे की नियुक्ति की गई है।
आर्थिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माने जाने वाली स्थायी समिति के 16 सदस्यों में सत्तादल भाजपा के सर्वाधिक 10, राष्ट्रवादी कांग्रेस के 4 और शिवसेना व निर्दलीय मोर्चे के एक- एक सदस्य है। इस माह में भाजपा की सारिका लांडगे, यशोदा बोईनवाड, अर्चना बारणे, विकास डोलस, निर्दलीय साधना मलेकर, राष्ट्रवादी काँग्रेस के राजू मिसाल, मोरेश्वर भोंडवे और शिवसेना के अमित गावडे का कार्यकाल समाप्त हो गया। उनकी जगह भाजपा की आरती चोन्धे, शीतल उर्फ विजय शिंदे, संतोष लोंढे, राजेंद्र लांडगे, राष्ट्रवादी कांग्रेस के पंकज भालेकर, मयूर कलाटे, शिवसेना के राहुल कलाटे और निर्दलीय मोर्चा की झामाबाई बारणे की नियुक्ति की गई है।
सदस्यों की नियुक्तियों के बाद अब अगले माह चुने जाने वाले नए अध्यक्ष को लेकर उत्सुकता बढ़ गई है। मौजूदा सभापति ममता गायकवाड़ के अध्यक्ष पद का कार्यकाल समाप्त होने जा रहा है। इसके चलते नए सभापति के चुनाव कार्यक्रम के लिए नगरसचिव उल्हास जगताप ने विभागीय आयुक्त को पत्र लिखा था। इसके अनुसार सभापति पद के चुनाव कार्यक्रम की घोषणा की गई है। 2 मार्च की दोपहर तीन से शाम पांच बजे तक नामांकन पत्र दाखिल किया जाएगा। इसके बाद 7 मार्च को स्थायी समिति की सभा में नया सभापति चुना जाएगा। इस साल सभापति पद को होड़ में वरिष्ठ नगरसेवक शीतल शिंदे, संतोष लोंढे, झामाबाई बारणे, आरती चोंधे आदि शामिल हैं। अब सत्तादल भाजपा के हाईकमान किसके नाम पर अपनी पसंद की मुहर लगाते हैं? इसकी ओर निगाहें टिकी हुई हैं।