झगड़ा सुलझाने आए गुटों ने थाने में ही निकाली तलवारें

ठाणे। पुणे समाचार ऑनलाइन

पति-पत्नी के बीच हुए विवाद को सुलझाने गए दो गुटों ने पुलिस थाने में ही एक-दूसरे पर चाकू- तलवारें निकाल ली। अगर पुलिस ने समय के रहते हस्तक्षेप नहीं किया होता तो थाने में ही खून की नदियां बह जाती। यह चौंकाने वाला मामला ठाणे जिले के उल्हासनगर का है। इस मामले में पुलिस ने तीन चाकू और तीन तलवारें जब्त की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार विकास शिरसाठ और उसकी पत्नी नेहा के बीच काफी दिनों से विवाद चल रहा है। यह विवाद आपसी समझौते से निपटाने के लिहाज से दोनों को उल्हासनगर मध्यवर्ती पुलिस ने थाने बुलाया था। महिला शिकायत निवारण कक्ष में दोनों के बीच बातचीत जारी ही थी कि उनके झगड़े को सुलझाने वहाँ पहुंचे दोनों पक्ष आपस में भिड़ गए। इतना ही नहीं उन्होंने पुलिस के सामने ही चाकू- तलवारें निकाल की। अचानक हुए इस वाकये से पुलिस भी चकित रह गई। पुलिस ने तत्काल दोनों गुटों को अलग- अलग किया। उनसे तीन चाकू और तीन तलवारें जब्त कर ली। अब तक इस मामले में 9 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। मामले की छानबीन शुरू है।