OMG! महेंद्र सिंह धोनी के दो फ्लैट्स होंगे नीलाम

रांची। समाचार एजेंसी

टीम इंडिया के पूर्व कप्तान और माहिर विकेटकीपर-बल्लेबाज महेंद्र सिंह धोनी के रांची के फ्लैट अब नीलाम होने जा रहे हैं। रांची के डोरंडा में शिवम प्लाजा मेंं उनके 1100 और 900 वर्गफीट के दो कमर्शियल फ्लैट हैं। बिल्डर दुर्गा डेवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड के हुडको यानि हाउसिंग अर्बन डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन का कर्ज न चुकाने के कारण हुडको ये फ्लैट नीलाम करने जा रहा है और इसका खामियाजा धोनी को भी उठाना पड़ रहा है।

दुर्गा डेवलपर्स ने शिवम प्लाजा के लिए हुडको से 12 करोड़ 95 लाख का कर्ज लिया था। इसी बीच जमीन मालिक से दुर्गा डेवलपर्स का विवाद हो गया। इसके चलते छह करोड़ देने के बाद हुडको ने दुर्गा डेवलपर्स के लोन का बाकी हिस्सा रोक दिया। भवन जी+6 फ्लोर बनने के बाद ही रुक गया। लोन चुकाने में देरी के कारण हुडको ने कंपनी को डिफॉल्टर घोषित कर दिया। धोनी ग्राउंड फ्लोर पर स्थित अपने दोनों फ्लैटों के लिए डेढ़ करोड़ रुपए दे चुके हैं। इसके बाद भी इस परिसंपत्ति का उनके हाथ से निकलना तय माना जा रहा है।

रांची के शिवम प्लाजा की पहली और चौथी मंजिल पर धोनी के दो कमर्शियल फ्लैट हैं, जिसके नीलामी की तैयारी शुरू की गई है। इसके लिए भवन परिसंपत्ति का दो बार मूल्यांकन कराया गया है। इलाहाबाद स्थित कर्ज वसूली अपीलीय न्यायाधिकरण में नीलाम की आधार राशि तय करने की अपील की है। न्यायाधिकरण द्वारा छह करोड़ कर्ज की राशि के लिए ब्याज और हर्जाने की राशि के मुताबिक नीलाम की आधार राशि तय होगी। यह नीलामी पूरी बिल्डिंग की होगी, उसमें बिक चुके फ्लैट भी इसमें शामिल होंगे।

दुर्गा डेवलपर्स के निदेशक निलय झा मानते हैं कि हुडको के साथ उनका लोन को लेकर विवाद जरुर है लेकिन वे धोनी के दो फ्लैट का सेटलमेंट दूसरे जगह कर चुके हैं, जहां तक ग्राउंड फ्लोर में धोनी के फ्लैट की बात है उसका 3 करोड़ का भुगतान हुडको को कर दिया गया है। वे हुडको के खिलाफ कोर्ट जाने की तैयारी कर रहे हैं। धोनी के बड़े भाई नरेंद्र सिंह धोनी ने हुडको पर आरोप लगाया है कि हुडको की साजिश के कारण यह प्रोजेक्ट खत्म हुआ है। हमने तीन करोड़ चुका दिए हैं, लेकिन हुडको ने दुर्गा डेवलपर को लोन दिया था तो इसका नोटिस बिल्डिंग में क्यों नहीं लगाया? हमें कैसे पता लगेगा कि बिल्डिंग लोन में बनाई गई है। बिल्डर और हुडको ने मिलकर हमें फंसा दिया।