पति ने किया जबरन सेक्स, पत्नी ने कर दी हत्या

कोलकाता | समाचार ऑनलाइन –कोलकाता में एक महिला ने अपने पति को इसलिए मौत के घाट उतार दिया क्योंकि वो ज़बरन सेक्स करने की कोशिश कर रहा था। आरोपी पत्नी ने पुलिस के सामने अपना जुर्म कबूल लिया है। न्यूटाउन निवासी मृतक रजत कुमार डे उच्च न्यायालय के अधिवक्ता थे। उनकी पत्नी अनिंदिता ने पुलिस को बताया कि रजत मना करने के बावजूद उसके साथ शारीरिक संबंध बनाने के लिए जबरदस्ती करता था, इसलिए गुस्से में आकर उसने हत्याकांड को अंजाम दिया।

हालांकि, जांच अधिकारियों को अनिंदिता के बातों पर भरोसा नहीं है, क्योंकि वो बार-बार बयान बदल रही है। आरोपी का कहना है कि उसका ऑपरेशन हुआ था इसके बावजूद पति उसके साथ शारीरिक संबंध बनाने की ज़बरदस्ती करता था। इसी से तंग आकर उसने चार्जर के तार से गला घोंटकर पति को मार दिया।

अनिंदिता के वकील चंद्रशेखर बाग का भी कहना है कि अनिंदिता के पति ने उसका यौन शोषण किया था। दो महीने पहले उनकी फैलोपियन ट्यूब की सर्जरी हुई थी जिसके बाद डॉक्टरों ने आराम करने की सलाह दी थी, लेकिन रविवार को रजत ने अनिंदिता के साथ जबर्दस्ती की। इसे लेकर दोनों के बीच लड़ाई हुई और अनिंदिता ने गला घोंटकर पति की हत्या कर दी। वहीं, ऐसा भी कहा जा रहा है कि आरोपी का किसी के साथ प्रेम संबंध चल रहा था, इसी के चलते रजत डे की हत्या हुई। पुलिस इस एंगल को भी ध्यान में रखकर जांच कर रही है।