मप्र में हवाओं ने बढ़ाई ठिठुरन

भोपाल, 24 दिसंबर (आईएएनएस) : समाचार ऑनलाईन – मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल सहित राज्य के अन्य हिस्सों में सोमवार की सुबह से चल रही हवाओं ने ठिठुरन बढ़ा दी है। राज्य में खजुराहो सबसे ठंडा है, जहां तापमान 2़5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।

राजस्थान और उसके आसपास के ऊपरी क्षेत्र में बने प्रतिचक्रवात के कमजोर पड़ने से राज्य में ठंड का असर बढ़ रहा है। सोमवार को चल रही हवाओं के बीच खिली धूप ने मौसम को सुहावना बना दिया। राज्य के कई हिस्सों का तापमान पांच डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि आगामी 24 घंटों में राज्य के कई हिस्सों में ठंड का असर बढ़ सकता है।

राज्य के मौसम में बदलाव जारी है। सोमवार को भोपाल का न्यूनतम तापमान 9.6 डिग्री सेल्सियस, इंदौर का 12, ग्वालियर का पांच और जबलपुर का न्यूनतम तापमान 6.8 सेल्सियस दर्ज किया गया।

वहीं रविवार को भोपाल का अधिकतम तापमान 26.6 डिग्री सेल्सियस, इंदौर का 28.6 डिग्री सेल्सियस, ग्वालियर का 24.1 डिग्री सेल्सियस और जबलपुर का अधिकतम तापमान 25.5 डिग्री सेल्सियस रहा।