छग : आरक्षक के रक्तदान से महिला को मिला नया जीवन

कवर्धा, 19 दिसम्बर (आईएएनएस/वीएनएस)। कबीरधाम पुलिस लाइन में पदस्थ आरक्षक सुभाष सिंह चंदेल के रक्तदान से एक बीमार महिला को नया जीवन मिला है। महिला के परिजनों ने पुलिस के प्रति आभार व्यक्त किया है। आरक्षक के इस कार्य की प्रशंसा एसपी ने भी की है और सर्विस बुक में इनाम की घोषणा की है। सूत्रों के अनुसार, ग्राम धनौरा के नन्दूराम गंर्धव ने पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक माहेश्वर नाग से मुलाकात की, और उसने उन्हें बताया कि उसकी भाभी रितु जिला अस्पताल में गंभीर हालत में भर्ती है, और उसे रक्त की अत्यंत आवश्यकता है।

सूत्रों ने कहा कि नन्दू ने पुलिस अधीक्षक से रक्त दानदाता की व्यवस्था करने का आग्रह किया। इस पर पुलिस अधीक्षक ने तत्काल पुलिस लाइन को सूचित किया और स्वेच्छा से रक्तदान के इच्छुक कर्मी को जिला अस्पताल तत्काल पहुंचने को कहा।

आदेश की तामिली करते हुए पुलिस लाइन के आरक्षक 457 सुभाष सिंह चंदेल तत्काल जिला अस्पताल पहुंच कर पीड़िता को रक्तदान किया। आरक्षक की कर्तव्य परायणता एवं समय पर पहुंच कर रक्त दान करने से पीड़िता की जान बचाने पर सफलता मिली।

पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह और एएसपी माहेश्वर नाग ने आरक्षक सुभाष सिंह चंदेल की प्रशंसा की, साथ ही सर्विस बुक में प्रशंसा दर्ज करने एसआरसी शाखा को निर्देश दिए।