पुणे मनपा उपचुनाव में राष्ट्रवादी ने मारी बाजी

पूजा कोड्रे 3521 वोटों से जीती; सत्ताधारी भाजपा तीसरे नंबर पर

पुणे। पुणे समाचार ऑनलाइन

भूतपूर्व महापौर चंचला कोड्रे के देहांत से रिक्त सीट पर हुए उपचुनाव में राष्ट्रवादी कांग्रेस ने बाजी मार ली। पार्टी की प्रत्याशी पूजा कोड्रे 8991 वोट हासिल कर इस सीट पर कब्जा जमाया। पुणे मनपा की सत्ताधारी भाजपा की प्रत्याशी इस चुनाव में तीसरे नंबर पर फेंकी गई।

पुणे मनपा के प्रभाग नम्बर 22 से राष्ट्रवादी कांग्रेस की नगरसेविका व पूर्व महापौर चंचला कोड्रे के देहांत के चलते रिक्त हुई सीट के लिए रविवार को कुल 35 फीसद मतदान हुआ। आज सुबह हुई मतगणना में राष्ट्रवादी की पूजा कोड्रे ने 3251 वोटो से शिवसेना की मोनिका तुपे को हराया। भाजपा की प्रत्याशी सुकन्या गायकवाड़ 4334 वोट पाकर तीसरे स्थान पर रहीं। निर्वाचन अधिकारी ज्ञानेश्वर मोलक ने कोड्रे के जीतने की घोषणा की।

इस उपचुनाव में राष्ट्रवादी की पूजा कोड्रे को 8991 वोट मिले, शिवसेना की मोनिका तुपे को 5470 और भाजपा की सुकन्या गायकवाड़ को 4334 वोट मिले। इसी प्रभाग से राष्ट्रवादी के नगरसेवक रहे मनपा के विपक्षी दल के नेता चेतन तुपे ने इस उपचुनाव के लिए अपनी प्रतिष्ठा दांव पर लगा रखी थी। मनपा के आम चुनाव में भाजपा की लहर में भी उन्होंने हड़पसर के इस प्रभाग में राष्ट्रवादी का पूरा पैनल जीताया था। इस उपचुनाव में भी उन्होंने राष्ट्रवादी का गढ़ कायम रखा।