बिहार में दैनिक भास्कर के पत्रकार और उनके साथी की हत्या

आरा (बिहार): गड़हनी थाने के बगवा गांव के रहने वाले नवीन सिंह दैनिक भास्कर से साल 2015 से ही जुड़े थे।

रामनवमी जुलूस के कवरेज के बाद घर लौट रहे दैनिक भास्कर के पत्रकार नवीन निश्चल और उनके एक साथी की रविवार रात जीप से कुचलकर हत्या कर दी गई। निश्चल (35) और 25 साल के विजय सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। गड़हनी गांव के पूर्व मुखिया का पति मोहम्मद हरसू और उसके बेटे डब्ल्यू के खिलाफ हत्या का केस दर्ज हुआ था। पुलिस ने सोमवार को हरसू को गिरफ्तार कर लिया। डब्ल्यू की तलाश की जा रही है।

जांच के लिए बनी एसआईटी
भोजपुर एसपी अवकाश कुमार ने कहा कि पत्रकार हत्या मामले की जांच के लिए एसआईटी का गठन किया गया है। एफएसएल की टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया है। गिरफ्तार किए गए हरसू से पूछताछ की जा रही है।

दूसरी ओर पत्रकार के हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सोमवार सुबह आक्रोशित लोगों ने गड़हनी बाजार के पास आरा-सासाराम स्टेट हाईवे को जाम कर दिया। सोमवार को बड़हरा के महुली के गंगा घाट पर नवीन निश्चल का अंतिम संस्कार किया गया।

पूर्व मुखिया से हुआ था विवाद
बताया जा रहा है कि रविवार शाम को ही हरसू और नवीन के बीच बाजार में कुछ विवाद हुआ था। इसके बाद हरसू ने नवीन को अंजाम भुगतने की धमकी दी थी। रात करीब 8 बजे गड़हनी के एक पुल पर निश्चल और उनके दोस्त की कुचलकर हत्या कर दी गई। घटना से गुस्से में आए लोगों ने पुल पर शवों को रख कर आरा-सासाराम स्टेट हाईवे जाम कर दिया। जीप में आग लगा दी और दुकानों में तोड़फोड़ की। रात 11 बजे पुलिस ने लाठीचार्ज कर भीड़ को काबू में किया।

लोग बोले- हादसा नहीं, हत्या है
पूर्व मुखिया का बेटा डब्ल्यू पीरो दंगा कराने का आरोपी है और हाल ही में जेल से छूटा है। घटनास्थल पर पहुंचे दूसरे पूर्व मुखिया विनोद सिंह ने कहा कि नवीन की हत्या की गई है। हरसू ने खबर लिखने के कारण नवीन को अपनी गाड़ी से कुचल दिया।

परिजन ने भी हत्या का आरोप लगाया है। नवीन के छोटे भाई राजेश बिहार पुलिस मेंस एसोसिएशन के प्रदेश उपाध्यक्ष हैं।नवीन सिंह उर्फ नवीन निश्चल 15 साल से पत्रकारिता से जुड़े थे। दैनिक भास्कर से वे साल 2015 से जुड़े थे। वहीं उनके साथी विजय सिंह एक पत्रिका के लिए लिखते थे।