रेप के खिलाफ प्रदर्शन करने वालों ने अपनी नेता से की छेड़खानी

मुंबई: महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराधों को लेकर राजनीतिक दल और उनके कार्यकर्ता कितने गंभीर हैं, इसका अंदाज़ा इस बात से लगाया जा सकता है कि कठुआ और उन्नाव को लेकर हुए विरोध-प्रदर्शन में एक महिला नेता के साथ उसकी ही पार्टी के सहयोगियों ने छेड़छाड़ की।

महिला जिला स्तर की कांग्रेस कार्यकर्ता हैं और जुहू में आयोजित विरोध प्रदर्शन के दौरान उसके साथ कथित रूप से छेड़खानी की गई। महिला ने इसे लेकर कांग्रेस की मुंबई इकाई के प्रमुख संजय निरुपम से शिकायत की है।निरुपम ने उन्हें भरोसा दिया कि वह दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करेंगे।निरुपम ने बताया कि महिला ने उन्हें इस कथित घटना के बारे में मैसेज भेजा था।

पार्टी ने की निंदा

अपने संदेश में महिला ने कहा है कि युवा कांग्रेस और पार्टी की छात्र इकाई एनएसयूआई के कार्यकर्ता इस हद तक नीचे गिर गए थे कि उन्होंने महिला कार्यकर्ताओं को गलत तरीके से छुआ और धक्का दिया। निरुपम ने कहा, ‘यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है, मैं इसकी निंदा करता हूं।  मैंने महिला से कहा है कि वह इसमें शामिल लोगों को अगर पहचान पाती हैं तो वह उनके खिलाफ कार्रवाई करें। वह आरोपियों के खिलाफ मामले दर्ज कराने में उनकी मदद करेंगे।  लेकिन महिला ने मुझसे कहा कि बहुत भीड़ होने की वजह से ऐसा संभव नहीं है कि वह उन लोगों की पहचान कर पाएं।’