लड़कियां बॉयफ्रेंड बनाना छोड़ दें, तो शोषण नहीं होगा

– अजब-गजब मध्यप्रदेश के विधायक का शर्मनाक बयान

भोपाल: अजब-गजब मध्यप्रदेश में महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अत्याचार पर लगाम लगाने में सरकार की नाकामी की एक बड़ी वजह सत्ता-प्रतिष्ठान तक पहुंच रखने वालों की सोच है। गुना से भाजपा विधायक पन्नालाल शाक्य को लगता है कि युवतियों के साथ होने वाले अत्याचार के लिए वह खुद ही ज़िम्मेदार हैं। हल ही में उन्होंने एक कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में लड़कियों को उपदेश देते हुए कहा था कि – लड़कियों! यदि तुम चाहती हो कि तुम्हारा शोषण न हो, तो बॉयफ्रेंड बनाना छोड़ दो।

पुरानी है आदत
शाक्य केवल इतने पर ही नहीं रुके, उन्होंने आगे कहा, “हमारे देश में महिलाओं की दिन में चार बार पूजा की जाती है। यदि ऐसा है तो हम यह कैसे कह सकते हैं कि उन पर अन्याय होता है? रहा सवाल आँकड़ों का तो आँकड़ें तो कुछ भी कहते हैं”। बता दें कि इससे पहले भी शाक्य इस तरह के कई विवादास्पद बयान दे चुके हैं। अनुष्का शर्मा और विराट कोहली ने जब इटली में जाकर शादी की थी तब भी उन्होंने बयानबाजी की थी।

क्या कहा था 
शाक्य ने कहा, “हमें पाश्चात्य संस्कृति से दूर रहना चाहिए। लड़कियां बॉयफ्रेंड बनाती हैं, इसीलिए उन पर अत्याचार होता है। यदि उन्होंने बॉयफ्रेंड बनाना छोड़ दिया तो उन पर अत्याचार नहीं होगा। न तो लड़कियों को बॉयफ्रेंड बनाना चाहिए न लड़कों को गर्लफ्रेंड!”