जन्मदिन की पूर्वरात्रि में कांग्रेस के पूर्व नगरसेवक पर जानलेवा हमला

पिंपरी : समाचार ऑनलाईन – जन्मदिन की पूर्व रात्रि में कांग्रेस के पूर्व नगरसेवक गणेश लोंढे पर जानलेवा हमला किया गया। गुरुवार की रात साढ़े नौ बजे चिंचवडगांव के तानाजीनगर में शिवाजी उदय मंडल के सामने यह वारदात हुई। इस हमले में वे गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, उनका चिंचवड के निजी अस्पताल में इलाज जारी है। आज लोंढे का जन्मदिन है, इसके पहले रात में ही उनपर जानलेवा हमला किये जाने से उनके समर्थकों में आक्रोश व्याप्त है। इसके चलते पूरे इलाके में तनाव की स्थिति बनी है।
इस वारदात के बारे में गणेश लोंढे की शिकायत पर चिंचवड पुलिस ने गणेश घोलप, सुमित लवे और आकाश घोलप के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। उनकी तलाश में पुलिस टीमें रवाना की गई हैं। बताया जा रहा है कि लोंढे बीती रात चिंचवड के तानाजीनगर स्थित शिवाजी उदय मंडल के पास से जा रहे थे। तब दोपहिया पर सवार होकर आए तीन लोगों ने उनकी कार रोकी। उन्हें कार से नीचे उतार कर घातक हथियारों से उनपर जानलेवा हमला किया और मौके से भाग निकले।
इस हमले में लोंढे गंभीर रूप से घायल हो गए, उन्हें तुरंत चिंचवड के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनपर हमले की खबर पूरे इलाके में आग की तरह फैल गई। शुक्रवार को उनका जन्मदिन है और उसके पहली रात में ही उनपर जानलेवा हमला किये जाने से लोंढे समर्थकों में आक्रोश व्याप्त है। चिंचवड पुलिस ने इस बारे में प्राथमिकी दर्ज कर हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है। लोंढे पर यह हमला क्यों किया गया? इस बारे में कुछ पता नहीं चल सका है। बहरहाल ऐन लोकसभा चुनाव के दौरान एक पूर्व नगरसेवक पर जानलेवा हमला किये जाने की वारदात से पिंपरी चिंचवड शहर की कानून व्यवस्था पर सवालिया निशान लग गया है।