महाराष्ट्र बंद से दूर पुणे, मुंबई, सातारा और सोलापुर

मुंबई : पुणे समाचार ऑनलाइन

मराठा आरक्षण की मांग को लेकर औरंगाबाद में काकासाहेब शिंदे नामक २८ वर्षीय युवक ने जलसमाधि लेने के बाद मराठा क्रांति मोर्चा ने मंगलवार को महाराष्ट्र बंद की घोषणा की है। राजयभर में इस आंदोलन की तीव्रता बढ़ गई है। हांलाकि इस बंद से मुंबई, पुणे, सातारा, सोलापुर को दूर रखा गया है। पंढरपुर की यात्रा से लौट रहे वारकरियों के वापसी की यात्रा में कोई बाधा न पहुंचे इसके लिए यह फैसला किया गया है। इन शहरों और जिलों में कल बुधवार को बंद का आह्वान किया गया है। इसकी जानकारी मराठा मूक मोर्चा के समन्वयक वीरेंद्र पवार ने दी है। मराठा समुदाय से महाराष्ट्र बंद में शांतिपूर्ण तरीके से शामिल होने और एसटी की बसों को नुकसान न पहुंचाने की अपील की गई है।

मराठा आरक्षण के लिए जलसमाधि लेने वाले २८ वर्षीय कानदगांव के निवासी काकासाहेब शिंदे नामक के परिवार के लिए १० लाख रुपए की सरकारी मदद, उसके भाई को शैक्षिक योग्यता के अनुसार सरकारी नौकरी में शामिल करने की घोषणा औरंगाबाद के जिलाधिकारी ने की है। इसके बाद मराठा क्रांति मोर्चा द्वारा गंगापुर पुलिस थाने के समक्ष जारी आंदोलन वापस लिया गया है। हांलाकि महाराष्ट्र बंद के दौरान राज्य में जगह- जगह आंदोलन शुरू है। औरंगाबाद- पुणे महामार्ग पर आंदोलकों ने रास्ता रोको आंदोलन शुरू किया है। नवी मुंबई के कामोठे में आंदोलकों ने रस्ते पर टायर जलाये हैं। सोलापुर- तुलजापुर रोड पर पर्ल गार्डन के सामने एसटी की दो बसों पर पथराव किये जाने की खबर है।