प्रेम प्रकरण में प्रेमिका की हत्या; 5 घन्टे के भीतर पकड़ाया गया प्रेमी

पिंपरी : समाचार ऑनलाईन  – लोकसभा चुनाव की मतगणना शुरू होने के दौरान पिंपरी चिंचवड में तब खलबली मच गई जब पिंपरी के एचए कंपनी के मैदान में एक युवती की लाश पायी गई। प्रेम प्रकरण में गला घोंटने के बाद सिर पर बड़ा पत्थर मारकर उसकी हत्या की गई। वारदात सामने आने के बाद पांच घन्टे के भीतर हत्या के आरोपी यानी युवती के प्रेमी को पिंपरी पुलिस ने पकड़कर सलाखों के पीछे कर दिया।
मृतका की शिनाख्त किरण अरुण काते (23) निवासी पिंपरी, पुणे के तौर पर हुई है। उसकी हत्या के मामले में पिंपरी पुलिस ने उसके प्रेमी अक्षय उर्फ आकाश विनायक लाखे (20) निवासी नासिक को गिरफ्तार कर लिया है। किरण के पति की दो साल पहले मौत हो चुकी है। उसकी दो संतान है। अक्षय अपनी माता- पिता की इकलौती संतान है। उसका हाल ही में विवाह हुआ था। इस वारदात के बाद किरण के दोनों बच्चे अनाथ हो गए हैं वहीं अक्षय का परिवार भी ध्वस्त हो गया है।
पिंपरी पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पति की मौत के बाद किरण और अक्षय के बीच प्रेम संबन्ध बने थे। अक्षय पिंपरी में अपनी बहन के पास कुछ माह के लिए आया था। बाद उसका विवाह दूसरी लड़की के साथ हो गये। उसके बाद किरण का उसके साथ कई दिनों तक संपर्क नहीं था। बाद में वे फिर संपर्क में आए तब किरण उसे शादी को लेकर दबाव बनाने लगी। दोनों के बीच शादी और पैसों के लिए झगड़े होने लगे। पैसे और शादी के तकाजे से अक्षय परेशान हो चुका था।
दो दिन पहले अक्षय खड़की में अपने दोस्त की शादी के लिए नासिक से आया। शादी के बाद पिंपरी में अपनी बहन के पास आया। यहां किरण से मुलाकात होने के बाद दोनों पिंपरी में खाना खाने गए और वापसी में एचए कंपनी के सुनसान मैदान में गए। यहां उनके बीच फिर झगड़े हुए जिसमें क्रोध में आकर उसने किरण का गला दबाया। इसके साथ ही उसके सिर पर बड़ा पत्थर मारकर उसकी हत्या कर दी। गुरुवार की सुबह उसकी लाश पायी गई। इसके पाँच घन्टे के भीतर पिंपरी थाने के सहायक पुलिस निरीक्षक अंसार शेख और उनकी टीम ने अक्षय को धरदबोचा।