बुद्धि का विकास किसी दवा से नहीं होता : डॉ. चंद्रशेखर मेश्राम

नागपुर : समाचार ऑनलाइन – बुद्धि का विकास किसी दवा से नहीं होता है। जब इसका इस्तेमाल किया जाता है, तो यह तीक्ष्ण होती जाती है। यह विचार प्रसिद्ध न्यूरोलॉजिस्ट डॉ. चंद्रशेखर मेश्राम ने व्यक्त किया है।

इंडियन एकेडमी ऑफ न्यूरोलॉजी के द्वारा आयोजित ङ्गनेशनल ब्रेन वीकफ का उद्घाटन अतिरिक्त मनपा आयुक्त रवींद्र ठाकुर के हाथों किया  गया। इसी कार्यक्रम में विशेषज्ञ वक्ता के रूप में डॉ. मेश्राम बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि मस्तिष्क मानव शरीर का सबसे महत्वपूर्ण अंग है। उस पर व्यक्ति का वर्तमान व भविष्य निर्भर रहता है। इसलिए मस्तिष्क का सबसे अधिक ध्यान रखना चाहिए। अच्छा आहार लेना, पढ़ना, वर्ग पहेली भरना, नई-नई चीजें सीखना, सकारात्मक विचारों से मस्तिष्क का विकास होता है। शराब, तंबाकू, जंकफूड, धुम्रपान, टीवी, मोबाइल, तनाव मस्तिष्क के लिए घातक है।

सिरदर्द को दो भागों में बांटा जाता है। एक भाग में तनाव के कारण होने वाला आधा सिरदर्द जबकि दूसरे भाग में ब्रेन ट्यूटर जैसी गंभीर बीमारी में सिरदर्द होता है। देश के 15 फीसदी नागरिकों को आधे सिर में दर्द की शिकायत है। जीवन में पहली बार व अचानक सिरदर्द होना खतरनाक है। ऐसे समय में तत्काल आवश्यक जांच की सलाह डॉक्टर ने दी।