मार्क जकरबर्ग ने ‘अमीरी’ में वॉरेन बफेट को पछाड़ा

न्यूयॉर्क। समाचार ऑनलाइन

फेसबुक के को-फाउंडर मार्क जकरबर्ग वॉरेन बफेट को पछाड़ कर दुनिया के तीसरे सबसे अमीर शख्स बन गए हैं। जकरबर्ग दुनिया के धनी लोगों की सूची में तीसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। उनसे आगे पहले नंबर पर ई-कॉमर्स कंपनी अमेजन के संस्थापक जेफ बेजोस और दूसरे नंबर पर माइक्रोसॉफ्ट के सह-संस्थापक बिल गेट्स हैं। शुक्रवार को फेसबुक के शेयरों में आई 2.4 फीसदी की तेजी से मार्क जकरबर्ग की संपत्ति में बड़ा उछाल आया है।

जकरबर्ग के पास 81.6 अरब डॉलर

यह पहली बार है शीर्ष तीन स्थानों पर मौजूद लोगों ने अपनी संपत्ति टेक्नोलॉजी से बनाई है। 34 साल के जकरबर्ग के पास अब 81.6 अरब डॉलर की संपत्ति है। यह वॉरेन बफेट की संपत्ति से 37.3 करोड़ डॉलर अधिक है। 84 साल के वॉरेन बफेट दिग्गज इनवेस्टर कंपनी बर्कशायर हैथवे इंक. के सीईओ हैं।

फेसबुक के शेयरों में फिर तेजी

प्राइवेसी के मुद्दे पर निशाने पर आने के बाद 27 मार्च को फेसबुक के शेयर गिर कर 152.22 डॉलर पर पहुंच गए थे। ये इसके पिछले आठ महीने का न्यूनतम स्तर था। हालांकि इसके शयेरों में निवेशकों का विश्वास फिर लौटा है और यह शुक्रवार को अपने उच्चतम स्तर 203.23 डॉलर पर पहुंच गया।

ज्यादातर संपत्ति दान दे चुके हैं बफेट
बफेट एक वक्त दुनिया के सबसे धनी शख्स थे। लेकिन चैरिटी के काम के लिए अपनी ज्यादातर संपत्ति दान देने की वजह से वह रैंकिंग में लगातार नीचे आते जा रहे हैं। 2006 में उन्होंने कल्याणकारी कामों के लिए चैरिटी की शुरूआत की थी। वह बर्कशायर हैथवे के 29 करोड़ डॉलर के क्लास बी शेयर दान दे चुके हैं। इनमें से ज्यादातर संपत्ति बिल गेट्स के फाउंडेशन गेट्स फाउंडेशन को दी गई है। ये शेयर अब 50 अरब डॉलर के हो चुके हैं। जुकरबर्ग ने भी अपने जीवनकाल में ही फेसबुक के 99 फीसदी शेयर दान देने की घोषणा की है।