पालकी दर्शन के लिए हथियार के साथ पहुंचे नगरसेवक, बवाल

पुणे/ समाचार ऑनलाइन

जगतगुरु संत तुकाराम महाराज की पालकी के पुणे प्रस्थान के दौरान हथियारबंद लोग नज़र आने के चलते कुछ देर के लिए अप्रिय स्थिति उत्पन्न हो गई। पुलिस ने तुरंत हरकत में आते हुए सभी को हिरासत में लिया। इस दौरान उनका पुलिस से विवाद भी हुआ। दरअसल, ये लोग कोई और नहीं बल्कि भाजपा नगरसेवक के बॉडीगार्ड थे। इस तरह हथियार के साथ पालकी के दर्शन करने पहुंचने को लेकर नगरसेवक की आलोचना हो रही है।

जानकारी के अनुसार, पिंपरी-चिंचवड़ में भाजपा के एक नगरसेवक अपने हथियारबंद बॉडीगार्ड के साथ पालकी के दर्शन करने पहुँचे थे। हथियार देखकर बंदोबस्त में तैनात पुलिसकर्मी अलर्ट हो गए और तुरंत नगरसेवक और उनके बॉडीगार्ड को हिरासत में लिया। इस दौरान नगरसेवक और पुलिस के बीच कुछ देर तक झगड़ा भी हुआ। उक्त नगरसेवक के पास बंदूक का लाइसेंस है, लेकिन बंदूक उस वक़्त उनके बॉडीगार्ड के पास थी। पुलिस के कहने पर नगरसेवक ने बाद में हथियार पुलिस के पास जमा करा दिया। ये मामला सुलझने के बाद ही पालकी पुणे के लिए प्रस्थान कर सकी।