मेट्रो के काम में आई गति, एक हजार सेगमेंट का निर्माण कार्य पूरा 

 पिंपरी :  समाचार ऑनलाइन – मेट्रो के कार्य में तेजी आ गई है। फंड से लेकर वर्क तक हर स्तर पर व्यवस्थित तरीके से आगे बढ़ा जा रहा है। महाराष्ट्र मेट्रो रेल कॉपोर्रेशन लिमिटेड द्धारा रेंज हिल्स से चिंचवड़ के मदर टेरेसा फ्लाईओवर तक कॉरिडोर बनाने के प्रोजेक्ट के लिए एक हजार सेगमेंट का निर्माण किया गया है।इस सेगमेंट में एक हजार वें सेगमेंट का पूजन महामेट्रो के अधिकारियों व कर्मचारियों के हाथों किया गया।
सेगमेंट के निर्माण का काम नासिक फाटा चौक की दो मंजिला फ्लाईओवर के पास पिंपले गुरव के कास्टिंग यार्ड में जारी है।करीब 400 किलो बजन के कॉक्रीट सेगमेंट का निर्माण अचूक और अत्यधुनिक टेक्नोलॉजी के जरिए किया जा रहा है। हर सेगमेंट को नंबर दिया गया है, उस सेगमेंट को निश्‍चित की गई जगह पर लगाया जा रहा है। इनमें कोई बदलाव नहीं किया जा रहा है। यह जानकारी रिचवन के चीफ प्रोजेक्ट मैनेजर गौतम बिर्हाडे ने दी।
रेंजहिल्स से चिंचवड़ तक करीब सवा 12 किलोमीटर की दूरी के लिए कुल 457 पिलर बनाए गए हैं।इनमें से 182 पिलर तैयार किए गए हैं। दो पिलर में 10 सेगमेंट को जोड़कर एक पुल पूरा किया जा रहा है।दो पिलर के बीच की दूरी 25, 28 से 30 मीटर तक है।इस सवा 12 किलोमीटर मार्ग के लिए 3,132 सेगमेंट तैयार किए जाने हैं।इनमें से एक हजार सेगमेंट का निर्माण पूरा कर लिया गया है। इस एक हजार के सेगमेंट का पूजन महामेट्रो के अधिकारियों व कर्मचारियों द्वारा किया गया। इस मार्ग में 53 स्पेन (पुल) को जोड़ने का काम पूरा कर लिया गया है। इन 400 किलो वजनी सेगमेंट की भारी ट्रकों से ढुलाई की जा रही है। यह काम रात में ट्रैफिक कम होने के बाद किया जा रहा है। वनाज से रामवाड़ी मार्ग के लिए सेगमेंट बनाने का काम वाकड़ के कास्टिंग यार्ड में जारी है। यहां अब तक 450 सेगमेंट का निर्माण हो चुका है।
तीसरा गर्डर लॉचर मशीन कार्यान्वित
पिंपरी-चिंचवड़ शहर के दापोड़ी के हेरिस पुल से चिंचवड़ मदर टेरेसा फ्लाईओवर पुल तक मेट्रो लाइन का काम तेजी से चल रहा है। सेगमेंट को जोड़ने के लिए खरालवाड़ी में पहला गर्डर लांचर मार्च 2017 में बिठाया गया था। दूसरा गर्डर लांचर फुगेवाड़ी-दापोड़ी फ्लाईओवर चौक में बनाया गया है। इसके जरिए 12 पुलों को जोड़ा गया है। तीसरा गर्डर लांचर कासारवाड़ी के कुंदननगर के आई माता मंदिर में लगाया गया है। यहां यह मशीन शुरू हो गई है।ऐसे में अब हर महीने 18 से 20 स्पेन को जोड़ने का काम करने की योजना महामेट्रो ने बनाई है।