नौकरी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म; पुलिस उपायुक्त के खिलाफ मामला दर्ज

औरंगाबाद। पुणे समाचार ऑनलाइन
महाराष्ट्र के पुलिस बल में तब खलबली मच गई जब एक पुलिस उपायुक्त के खिलाफ बलात्कार का मामला दर्ज किया गया। राहुल श्रीरामे ऐसे मामला दर्ज किए गए उपायुक्त का नाम है। उनपर आरोप है कि, उन्होंने नौकरी का झांसा देकर एक युवती के साथ दुष्कर्म किया है। औरंगाबाद पुलिस बल में तैनात इस उपायुक्त के खिलाफ एमआईडीसी सिडको पुलिस थाने में एक 22 वर्षीय युवती की शिकायत के आधार पर बलात्कार का मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस उपायुक्‍त श्रीरामे ने पीड़िता को नौकरी का झांसा देकर उसे फ्लैट में बुलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। इतना ही नहीं इस बारे में किसी को कुछ बताने पर जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़ित युवती ने  औरंगाबाद पुलिस के महिला शिकायत निवारण केंद्र के व्हाट्सएप नम्बर पर पुलिस उपायुक्त श्रीरामे के खिलाफ शिकायत की, जिससे पूरे औरंगाबाद पुलिस बल में खलबली मच गई।
व्हाट्सएप पर मिली शिकायत के आधार पर पुलिस ने पीड़िता से संपर्क करने की कोशिश की, मगर वह उपलब्ध नहीं हो सकी। यहां तक कि उसके घर को खोज निकाला गया मगर वह यहाँ भी नहीं मिली। हाँलाकि व्हाट्सएप पर मिली उसकी शिकायत काफी गंभीर थी। इसके चलते एमआईडीसी सिडको पुलिस था में पुलिस उपायुक्‍त राहुल श्रीरामे के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 376, 417, 323 और 506 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
बताया जा रहा है कि पीड़ित युवती राज्य लोकसेवा आयोग के परीक्षा की तैयारी कर रही थी। उसकी शिकायत के अनुसार, पुलिस उपायुक्त श्रीरामे ने उसे नौकरी का झांसा देकर इस साल की फरवरी से 21 जून के बीच बार- बार दुष्कर्म किया। इस मामले को पुलिस के आला अधिकारियों ने काफी गंभीरता से लिया है। इसकी जांच औरंगाबाद पुलिस आयुक्तालय के परिमंडल एक के पुलिस उपायुक्त को सौंपी गई है। बहरहाल पुलिस उपायुक्त दर्जे के अधिकारी के खिलाफ बलात्कार का मामला दर्ज होने से राज्य पुलिस बल में खलबली मच गई है।