पिंपरी चिंचवड़ के पहले पुलिस आयुक्त को विदाई

पिंपरी : समाचार ऑनलाईन –  ऐन विधानसभा चुनाव के दौरान पिंपरी चिंचवड शहर के प्रथम पुलिस आयुक्त आर के पद्मनाभन का तबादला हो गया। उनकी जगह संदीप बिश्नोई ने आयुक्तालय की कमान संभाल ली है। गत शाम निवर्तमान पुलिस आयुक्त पद्मनाभन को आयुक्तालय की ओर से विदाई दी गई। इस समारोह में रिटायर्ड और मौजूदा पुलिस अधिकारी व कर्मचारियों ने पद्मनाभन की अनुशासनप्रियता से भरी यादों को ताजा किया।
इस समारोह में निवर्तमान पुलिस आयुक्त पद्मनाभन का सपत्नीक सम्मान किया गया। इस मौके पर रिटायर्ड अपर पुलिस महानिदेशक अशोक धिवरे, पिंपरी चिंचवड़ मनपा आयुक्त श्रावण हार्डिकर, पिंपरी चिंचवड़ के नए सह पुलिस आयुक्त प्रकाश मुत्याल, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त रामनाथ पोकले, उपायुक्त विनायक ढाकणे, स्मिता पाटील, सुधीर हिरेमठ समेत पुलिस बल के कई आला मौजूदा व रिटायर्ड अधिकारी मौजूद थे। इसके अलावा नगरसेवक, सामाजिक कार्यकर्ता और आम नागरिक भी बड़ी संख्या में अपने लाडले पुलिस आयुक्त को विदाई देने यहां पहुंचे थे।
अपने सम्मान के जवाब में आर के पद्मनाभन ने नए आयुक्तालय के कामकाज को शुरू करने में मनपा से मिले सहयोग के लिए मनपा आयुक्त, नगरसेवकों का आभार माना। नए आयुक्तालय का कामकाज शुरू करने में इमारत खोजने से लेकर दिक़्क़तों का सामना करना पड़ा, लेकिन दिक़्क़तों को दूर कर काम शुरू किया। मैंने हमेशा संख्यात्मक कामकाज की बजाय गुणात्मक कामकाज पर जोर दिया। कम संसाधन में अच्छे तरीके से कामकाज कर सके, यही हमारी सफलता है। पुलिस वाले चौकी में नहीं चौक में नजर आने चाहिए, इसके लिए टीमें तैयार की और पुलिसकर्मियों को सड़कों पर उतारा। उन्हें भी कामकाज का संतोष मिले इसके लिए दरबार का आयोजन कर चॉइस पोस्टिंग देने का उपक्रम चलाया। जनता के प्रति संवेदनशीलता पुलिस बल से कम हो रही है, उसे बढ़ाना जरूरी है।
आरके पद्मनाभन से जुड़ी यादों को ताजा करते हुए रिटायर्ड अप्पर पुलिस महानिदेशक अशोक धिवरे ने कहा कि, पुलिसवालों के जीवन में खुशियों के मौके काफी कम बार आते हैं। क्योंकि उन्हें खुशियां मनाने का मौका ही नहीं मिलता। इसी के चलते विदाई समारोह की प्रथा शुरू हुई है। पद्मनाभन की काम करने का अंदाज, रफ्तार काफी अलग है। वे स्पष्टवक्ता हैं, महाराष्ट्र में काफी साल सेवा की है, इसके चलते उनका मराठी भाषा पर भी खासा प्रभुत्व है। यह बताकर धिवरे ने पद्मनाभन के साथ काम करते वक्त मिले अनुभवों को सबके साथ साझा किया। मनपा आयुक्त श्रावण हार्डिकर ने कहा कि, कम उपलब्धता में अच्छा प्रशासन और उत्तम पुलिसिंग देने का आदर्श पद्मनाभन ने पेश किया है। उनकी कई पहलों के चलते पुलिसिंग में कई सकारात्मक बदलाव हुए हैं।
सह पुलिस आयुक्त प्रकाश मुत्याल ने आर के पद्मनाभन को एक प्रैक्टिकल ऑफिसर बताकर उनके काम करने की शैली की सराहना की और उनके काम और काम करने के तरीके पुस्तक के रूप में सबके सामने आने की जरूरत बताई। पुलिस उपायुक्त विनायक ढाकणे ने अपने प्रस्ताविक भाषण में पिंपरी चिंचवड़ पुलिस आयुक्तालय के आरंभ से शुरु हुई दिक़्क़तों के सफर को बयां किया। साथ में उन दिक़्क़तों को दूर कर कठिन हालातों में आयुक्तालय का कामकाज सफलता पूर्वक शुरू किया और चलाया। उन्होंने कभी प्रशासकीय दिक़्क़तों को रोड़ा नहीं माना और हमें भी कम संसाधन में अच्छे तरीके से काम करने की प्रेरणा दी। सहायक पुलिस आयुक्त श्रीधर जाधव ने सभी का आभार जताया।