काली कहकर चिढ़ाते थे, खाने में जहर मिलाकर लिया बदला

पुणे समाचार

महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में कुछ दिन पहले वास्तुशांति की पूजा में प्रसाद खाने से 120 लोग फूड पाइजनिंग के शिकार हुए थे और इस हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई थी। इस घटना को लेकर चौंका देने वाला खुलासा हुआ है। पुलिस का कहना है कि महिला को उसके रिश्तेदार काली कहकर चिढ़ाते थे, इसलिए उसने रिश्तेदारों से बदला लेने के लिए खाने में जहर मिला दिया। गौरतलब है कि महड गांव में सुभाष माने ने अपने नए घर के लिए वास्तु-शांति पूजा रखी थी और फिर भंडारा कराया था। भंडारे का प्रसाद खाने के बाद कई लोगों ने पेट में दर्द की शिकायत की और फिर अचानक उल्टी करने लगे। इस खाने से पांच लोगों की मौत हो गई थी, जिसमें चार बच्चे भी शामिल थे। जबकि पांच की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है।

लगातार सुन रही थी ताने
घटना के बाद जब पुलिस ने इस मामले में जांच शुरू की तो एक चौंकाने वाली जानकारी सामने आई। आरोपी प्रज्ञा सुरवसे ने पुलिस को बताया कि उसी ने कार्यक्रम के दौरान भोजन में कीटनाशक मिलाया था। महिला ने बताया कि वह पिछले दो साल से अपने काले रंग के लिए ससुराल वालों से ताने सुनती आई रही थी, इसलिए वह अपने पति, सास और नंद को मारना चाहती थी। महिला के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है।

पहली शादी टूटने का था दुख
प्रज्ञा की यह दूसरी शादी है। पहली शादी भी उनके रिश्तेदारों ने तोड़ी थी। इस बात से खफा होकर महिला ने अपने सभी रिश्तेदारों को ठिकाने लगाने का सोचा। प्रज्ञा ने पूजा वाले दिन दाल बनायी थी, उसी दाल में जहर मिला दिया। तकरीबन 120 लोगों ने वह खाना खाया था। घटना के बाद पुलिस को इस मामले में थोड़ा संदेह हुआ, महिला से कड़ी पूछताछ करने के बाद महिला से यह कबूला कि उसने ही खाने में जहर मिलाया था।