कोल्हापुर के श्री अंबाबाई मंदिर में सभी जाति के पुजारियों की होगी नियुक्ति

पुणे समाचार

कोल्हापुर के श्री अंबाबाई मंदिर में अब सभी जाति के पुजारियों की नियुक्ति की जाएगी। राज्य सरकार इस संबंध में भर्ती प्रक्रिया मंगलवार से करने जा रही है। आपको बता दें कि मंदिर के पुजारी का पद सवैतनिक है। गौरतलब है कि श्री अंबाबाई देवी को पिछले साल अजीत ठाणेकर ने घागरा-चोली अर्पित की थी, जिसके विरोध में कोल्हापुर में बड़ा आंदोलन हुआ था।

जिसके बाद मंदिर के पुजारी को हटाने की मांग उठने लगी थी। इस पृष्ठभूमि पर राज्य सरकार ने अंबाबाई मंदिर में पुजारी नियुक्त करने का निर्णय लिया है। पुजारी के पदों के लिए अब तक 113 आवेदन आये हैं, जिसमें 6 महिलाएं हैं। मंदिर के लिए कुल 55 पुजारियों की आवश्यकता है। इस चयन प्रक्रिया में सभी जाति के पुजारियों को शामिल किया जायेगा। 100 साल पहले मंदिर में सभी जाति के पुजारी थे और इन पुजारियों को धार्मिक शिक्षण देने के लिए राजर्षी शाहू महाराज ने वैदिक स्कूल की स्थापना की थी।

आज जब फिर से सभी जातियों के पुजारियों की नियुक्ति का फैसला लिया गया है, तो लोगों में ख़ुशी है। नियुक्ति के लिए सात सदस्यों की कमिटी बनाई गई है।