अंधेरी में दिनदहाड़े छात्र की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

मुंबई / समाचार ऑनलाइन

अंधेरी में दिनदहाड़े एक सिरफिरे ने छात्र की हत्या कर दी। मृतक का नाम अभिषेक शुक्ला (24) है। मूलरूप से मध्यप्रदेश निवासी अभिषेक मुंबई में बैंकिंग की तैयारी कर रहा था। यह घटना शुक्रवार सुबह अंधेरी की डी.एन. नगर रोड पर घटी। पुलिस ने आरोपी असगर अली खान (30) को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस ने बताया कि अभिषेक जोड रोड से जा रहा था, तभी वाईएमसीए स्कूल के पास सुबह 9 बजे के आसपास आरोपी खान ने उसका बैग छीनने का प्रयास किया। जब अभिषेक ने इसका विरोध किया, तो आरोपी ने उसे चाकू मार दिया। अभिषेक को गंभीर रूप से घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन उसकी मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, आरोपी खान मानसिक रोगी है।