प्रियंका चोपड़ा को ‘द स्कैम आर्टिस्ट’ कहने वाली लेखिका ने आखिर मांगी माफी 

मुंबई : समाचार ऑनलाइन – मैगज़ीन ‘द कट’ में प्रियंका चोपड़ा और निक जोनस के खिलाफ आर्टिकल लिखने वाली लेखिका ने आखिरकार माफी मांग ली है। लेखिका ने अपने लेख में प्रियंका और निक की शादी को झूठ बताया था, साथ ही प्रियंका को ‘द स्कैम आर्टिस्ट’ भी कहा था। इतना ही नहीं उन्होंने यहां तक लिखा था कि प्रियंका ने निक को फंसाया है।

इस आर्टिकल के वेबसाइट पर आते ही लोगों ने लेखिका की जमकर आलोचना की। निक के भाई जो जोनस, सोनम कपूर, स्वरा भास्कर ने भी वेबसाइट और लेखिका को जमकर लताड़ा, जिसके बाद मैगज़ीन के संपादक ने माफ़ी मांगते हुए वेबसाइट से आर्टिकल हटा दिया।

मैगजीन ने लिखा था, “प्रियंका चोपड़ा और निक जोनस से हम इस लेख के लिए माफी मांगते हैं, हमने इसे हटा दिया है”। मैगजीन के माफी मांगने के बाद आर्टिकल की लेखिका मरिया स्मिथ ने भी प्रियंका और जोनस से माफी मांगी है।

स्मिथ ने ट्विटर पर लिखा, ‘मैं प्रियंका चोपड़ा और निक जोनस से तहेदिल से माफी मांगती हूं। मैंने जितने भी रीडर्स का दिल दुखाया है सबसे माफ़ी मांगती हूँ।  मैंने जो लिखा है मैं उसकी पूरी जिम्मेदारी लेती हूं। मैं गलत थी, मैं सच में माफी चाहती हूं’।